गाजियाबाद। एच.आर.आई.टी यूनिवर्सिटी, मेरठ रोड स्थित खेल परिसर रविवार को गौरव और रोमांच के अद्भुत संगम का साक्षी बना, जब 44वीं सीनियर उत्तर प्रदेश राज्य शूटिंग बॉल चैंपियनशिप का भव्य समापन शानदार व्यवस्था और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच सम्पन्न हुआ। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आईं टीमों ने तीन दिनों तक चले मुकाबलों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए शानदार खेल भावना का परिचय दिया। खिलाड़ियों में जीत का जज़्बा और दर्शकों में उत्साह देखने लायक था।
बालक वर्ग के फाइनल में मेरठ का दमदार प्रदर्शन
बालक वर्ग के बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबले में मेरठ की टीम ने उत्कृष्ट तालमेल और रणनीति का परिचय देते हुए सहारनपुर की टीम पर शानदार जीत दर्ज की। पहला सेट मेरठ ने 21-15 से जीता, जबकि दूसरे सेट में सहारनपुर ने कड़ी चुनौती दी, लेकिन मेरठ ने 21-19 से बढ़त बनाकर खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ मेरठ की टीम ने प्रतियोगिता में अपना दबदबा स्थापित किया। सहारनपुर को दूसरा स्थान तथा गाजियाबाद को शानदार प्रदर्शन के आधार पर तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।
बालिका वर्ग में गाजियाबाद की बेटियों ने लहराया परचम
बालिका वर्ग का फाइनल मुकाबला भी कम रोमांचक नहीं रहा। मेजबान गाजियाबाद की टीम ने शुरुआत से ही शानदार खेल का प्रदर्शन किया और आजमगढ़ की टीम को 23-21, 21-11 के सीधे सेटों में पराजित कर प्रथम स्थान हासिल किया। इस जीत के साथ गाजियाबाद की खिलाड़ियों ने न केवल मेजबान होने की जिम्मेदारी निभाई, बल्कि खेल के प्रति अपने समर्पण और मेहनत से दर्शकों का दिल भी जीत लिया। वाराणसी की टीम ने बेहतरीन खेल के दम पर तीसरा स्थान प्राप्त किया।

पुरस्कार वितरण समारोह बना आकर्षण का केंद्र
समापन समारोह में प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि के रूप में माननीय डॉ. अनिल अग्रवाल (पूर्व सांसद एवं अध्यक्ष, अंतर्राष्ट्रीय शूटिंग बॉल फेडरेशन) ने विजेता टीमों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प की भावना का संचार करता है। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष श्री अजय प्रमुख भी मौजूद रहे। दोनों ने विजेता टीमों को पुरस्कार स्वरूप नकद राशि एवं ट्रॉफी प्रदान की।
प्रथम स्थान: ₹7000 व ट्रॉफी
द्वितीय स्थान: ₹5000 व ट्रॉफी
तृतीय स्थान: ₹3000 व ट्रॉफी
वरिष्ठ हस्तियों की प्रेरणादायक मौजूदगी
कार्यक्रम की अध्यक्षता इंटरनेशनल शूटिंग बॉल फेडरेशन के महामंत्री श्री रविंद्र तोमर ने की। इस अवसर पर श्री अमरजीत बिडडी (प्रदेश अध्यक्ष, सहकारिता प्रकोष्ठ, राष्ट्रीय लोकदल), श्री मदनपाल सिरोही, श्री हुकम सिंह पुंडीर एवं श्री रणवीर सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं।
राष्ट्रगान के साथ हुआ गरिमामय समापन
समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसके बाद पूरे परिसर में देशभक्ति का वातावरण गूँज उठा। अंत में शूटिंग बॉल एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के महासचिव श्री जीतराज तोमर ने सभी खिलाड़ियों, अधिकारियों, अतिथियों एवं आयोजकों का हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया और भविष्य में भी ऐसे सफल आयोजन जारी रखने की बात कही।
