​भारत की जनगणना 2027: यूपी में ‘स्व-गणना’ का आगाज, DGP राजीव कृष्ण ने खुद ऑनलाइन भरा फॉर्म

लखनऊ: भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण का कार्य स्व-गणना के रूप में प्रारंभ हो चुका है, आज दिनाँक 12.05.2026 को पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा जनगणना पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना का फॉर्म ऑनलाइन भरा गया तथा इस मौके पर पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश *श्री राजीव कृष्ण* ने समस्त विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वयं से जनगणना की सूचना भरने के संबंध में सन्देश दिया। उन्होंने बताया कि जनगणना के निर्धारित पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना करना अत्यंत आसान एवं सुरक्षित है। इस माध्यम से आप अपने परिवार की सही सूचना स्वयं से भर सकते हैं। आज इस अवसर पुलिस मुख्यालय पर समस्त वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा स्व गणना की गई।
उल्लेखनीय है कि भारत की जनगणना- 2027 के प्रथम चरण का फील्ड कार्य दिनांक 22 मई, 2026 से प्रारंभ होकर 20 जून 2026 तक पूर्ण किया जायेगा। जनगणना कार्य में लगाए गए कर्मचारियों के द्वारा मोबाइल ऐप के माध्यम से घर-घर जाकर प्रथम चरण से संबंधित सूचना एकत्र की जायेगी। जनगणना के प्रथम चरण का कार्य मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित होगा, जिस दौरान 33 बिंदुओं पर सूचना एकत्र की जाएगी। अधिकांश प्रश्न परिवार द्वारा धारित सुविधाओं एवं घरेलू उपकरणों की उपलब्धता से संबंधित होगे। जनगणना के आकडे़ जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण एवं विकास का आधार है। अतः प्रदेश के समस्त निवासियों से अपील है कि वह जनगणना में सहयोग प्रदान करें। इस अवसर पर जनगणना कार्य निदेशालय की ओर से *श्री शीतल वर्मा (IAS),* निदेशक जनगणना भी उपस्थित रही। श्रीमती वर्मा ने बताया कि इस बार भारत सरकार के द्वारा उत्तर प्रदेश राज्य के लिए दिनाँक 7 मई, 2026 से 21 मई, 2026 तक सभी नागरिकों को स्वयं से जनगणना करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इस हेतु भारत सरकार द्वारा निर्धारित वेबसाइटः se.census.gov.in पर अपने मोबाइल के माध्यम से लॉगिन कर अपने परिवार की जनगणना संबंधी सूचना को स्वयं से दर्ज किया जा सकता है और सूचना दर्ज करने के पश्चात पोर्टल द्वारा स्व-गणना की SE-ID स्वतः जनरेट की जाती है। इसके उपरांत, जनगणना का प्रगणक जब भी आपके घर जनगणना की सूचना के लिए विजिट करें, तो स्व-गणना की आईडी (SE-ID) उन्हें उपलब्ध कराना अनिवार्य है। आपके क्षेत्र के लिए अधिकृत जनगणना का प्रगणक ही आपकी जनगणना की सूचना को अन्तिम रूप से अनुमोदित करेगा। सभी लोग अपने परिवार एवं मकान की सम्यक सूचना अपने जनगणना प्रगणक को उपलब्ध कराएं ताकि जनगणना में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। ज्ञातव्य है कि जनगणना का फील्ड कार्य दिनांक 22 मई से शुरू होकर 20 जून 2026 तक उत्तर प्रदेश राज्य में घर-घर सर्वेक्षण के माध्यम से संपन्न किया जाएगा। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक उ0प्र0 द्वारा निदेशक जनगणना को स्मृति चिन्ह भेट किया गया तथा पुलिस मुख्यालय के भूतल स्थित फोटो गैलरी स्थल पर जनगणना निदेशक एवं उनकी टीम के साथ एक फोटो सेशन का भी आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *